विभिन्न विद्यालयों में संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रमों का हुआ आयोजन

विभिन्न विद्यालयों में संविधान संवाद अभियान के तहत परिचर्चा एवं जागरूकता कार्यक्रमों का हुआ आयोजन
रायबरेली, 23 नवम्बर 2026
उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ तथा मा० अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/जनपद न्यायाधीश, रायबरेली सै० माऊज बिन आसिम के निर्देशानुसार एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायबरेली अनिशा के दिशा-निर्देशन में संविधान संवाद अभियान के अंतर्गत आज जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता शिविरों एवं परिचर्चा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके तहत राजर्षि रामपाल वैदिक इंटर कॉलेज, नेहरू इंटर कॉलेज कठगर, इस्लामिया इंटर कॉलेज तथा चन्द्रपाल इंटर कॉलेज शोरा, रायबरेली में विद्यार्थियों को भारतीय संविधान, मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।
राजर्षि रामपाल वैदिक इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता शिविर में अपर सिविल जज विनय शील ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च लिखित कानून है। यह भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करता है। उन्होंने समानता के अधिकार की जानकारी देते हुए बताया कि कानून की नजर में प्रत्येक व्यक्ति समान है। जाति, धर्म, लिंग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया।
उन्होंने नीति निदेशक तत्वों के महत्व को समझाते हुए कहा कि ये सरकार के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत हैं, जिनका उद्देश्य कल्याणकारी राज्य की स्थापना करना है। इनके माध्यम से सभी को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पर्यावरण एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार को मार्गदर्शन मिलता है।
इस्लामिया इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता शिविर में अपर सिविल जज सुश्री हर्षिता सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की।
चन्द्रपाल इंटर कॉलेज शोरा में आयोजित जागरूकता शिविर में चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम राजकुमार सिंह ने संविधान की प्रस्तावना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिस प्रकार किसी पुस्तक को पढ़ने से पहले उसका परिचय पढ़ा जाता है, उसी प्रकार संविधान की प्रस्तावना पूरे संविधान का सार है। इसकी शुरुआत ‘हम, भारत के लोग’ शब्दों से होती है, जिसका अर्थ है कि देश की सर्वोच्च शक्ति भारत के नागरिकों में निहित है।
इसी क्रम में डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम जय सिंह ने विद्यार्थियों को बताया कि भारतीय संविधान देश का सर्वोच्च कानून है, जो भारत को संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित करता है। उन्होंने समानता के अधिकार के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रत्येक नागरिक को कानून के समक्ष समानता प्राप्त है तथा किसी भी व्यक्ति के साथ जाति, धर्म, लिंग एवं आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में भी जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रमों में राजर्षि रामपाल वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम नारायण एवं अध्यापिका आकांक्षा वर्मा, इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज कुमार यादव, चन्द्रपाल इंटर कॉलेज शोरा के प्रधानाचार्य भानु प्रताप भास्कर एवं विपिन कुमार, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम, नेहरू इंटर कॉलेज कठगर के प्रबंधक शिशुपाल सिंह, प्रधानाचार्य अवधेश कुमार एवं वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती रीता सहित पराविधिक स्वयंसेवक पवन कुमार श्रीवास्तव, पूनम सिंह, रुचिता यादव एवं अमिता गुप्ता उपस्थित रहे।



