जीजा ने दोनों सालों को पहनाई एक-एक करोड़ रुपये की नोटों की माला, 100-100 फीट लंबी मालाओं ने खींचा सबका ध्यान
ब्यूरो चीफ- देवी गुप्ता, बदायूं

मथुरा में अनोखी घुड़चढ़ी: जीजा ने दोनों सालों को पहनाई एक-एक करोड़ रुपये की नोटों की माला, 100-100 फीट लंबी मालाओं ने खींचा सबका ध्यान

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में शादी समारोह के दौरान हुई एक अनोखी घुड़चढ़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। सुरीर क्षेत्र के नगला फोंदा गांव में एक जीजा ने अपने दोनों सालों को ऐसा खास तोहफा दिया कि समारोह में मौजूद लोग देखते रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की विशाल माला पहनाई। करीब 100-100 फीट लंबी बताई जा रही इन मालाओं को संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ मशक्कत करनी पड़ी। इस अनोखे आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शादी से पहले घुड़चढ़ी में दिखा अनोखा नजारा
जानकारी के अनुसार, नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी की रस्म आयोजित की गई। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों से होनी है। इसी दौरान राजस्थान के कामां क्षेत्र के गांव नंदोला निवासी उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर ने अपने दोनों सालों को खास अंदाज में उपहार देने का फैसला किया। उन्होंने 500-500 रुपये के नए नोटों से तैयार एक-एक करोड़ रुपये की माला दोनों दूल्हों को पहनाई।

100 फीट लंबी मालाएं संभालने में जुटे कई लोग
दोनों मालाओं की लंबाई करीब 100-100 फीट बताई जा रही है। मालाएं इतनी लंबी और भारी थीं कि उन्हें संभालने के लिए कई लोगों को एक साथ लगना पड़ा। दूल्हों को छत पर खड़ा कर मालाएं पहनाई गईं। इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ इस अनोखे नजारे को देखने के लिए जुट गई।
पारंपरिक रस्म से अलग रहा जीजा का अंदाज
आमतौर पर शादी की घुड़चढ़ी के दौरान शगुन और पारिवारिक रस्मों का विशेष महत्व होता है, लेकिन नगला फोंदा में जीजा ने अपने दोनों सालों को करोड़ों रुपये की नोटों की मालाएं पहनाकर समारोह को अलग पहचान दे दी। मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। बताया जा रहा है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। फिलहाल जीजा के इस अनोखे तोहफे और भव्य घुड़चढ़ी की चर्चा मथुरा से लेकर राजस्थान के कामां क्षेत्र तक हो रही है।
SvasJsNews | भ्रष्टाचार पर कसेगा नकेल
जनहित की आवाज



