लखीमपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 गिरफ्तार मकान मालिक समेत 28 लोग दबोचे गए, 1.66 लाख रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद

लखीमपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 28 गिरफ्तार मकान मालिक समेत 28 लोग दबोचे गए, 1.66 लाख रुपये नकद और ताश की गड्डियां बरामद
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। शहर के मोहल्ला सिकटिहा में एक मकान के अंदर संचालित जुए के अड्डे पर कोतवाली सदर पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीम ने मौके से मकान मालिक समेत जुआ खेल रहे कुल 28 लोगों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 1 लाख 66 हजार 691 रुपये नकद, चार गड्डी ताश के पत्ते और एक नीले रंग की पन्नी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मोहल्ला सिकटिहा स्थित कन्हैयालाल के मकान में बड़ी संख्या में लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी सदर महक शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली सदर और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मकान पर छापा मारा।
पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीम ने घेराबंदी कर मकान मालिक सहित कुल 28 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान जुए की फड़ से 1,47,839 रुपये तथा आरोपियों की जामा तलाशी में 18,852 रुपये बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल 1,66,691 रुपये नकद बरामद किए।
इस मामले में कोतवाली सदर में मुकदमा अपराध संख्या 0923/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



