कुंभी चीनी मिल में नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ, किसानों की समृद्धि की कामना

कुंभी चीनी मिल में नवीन पेराई सत्र का शुभारंभ, किसानों की समृद्धि की कामना
विधि-विधान से हुआ डोंगा पूजन, मिल अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रगतिशील किसानों की रही मौजूदगी
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
अमीरनगर खीरी बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की कुंभी इकाई में नवीन पेराई सत्र 2026-27 का विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। मिल के जीएम सुनील कुमार यादव की अगुवाई में डोंगा पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर मिल के अधिशासी अध्यक्ष, उत्पादन विभाग प्रमुख, गन्ना विभाग प्रमुख, उप महाप्रबंधक, जनप्रतिनिधि, प्रगतिशील किसान तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शुभारंभ समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों और किसानों ने नए पेराई सत्र की सफलता, क्षेत्र के गन्ना किसानों की समृद्धि तथा चीनी मिल की निरंतर प्रगति की कामना की।
इस अवसर पर मिल प्रबंधन की ओर से किसानों को आश्वस्त किया गया कि पेराई सत्र को सुचारू रूप से संचालित करने के साथ किसानों के गन्ने की समय से पेराई और भुगतान की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी। मिल प्रबंधन ने सभी किसान भाइयों एवं मिल परिवार को नए पेराई सत्र की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
चीनी मिल में नए पेराई सत्र की शुरुआत होने से क्षेत्र के गन्ना किसानों में उत्साह का माहौल है। किसानों को उम्मीद है कि इस सत्र में गन्ने की पेराई और भुगतान संबंधी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से संचालित होंगी।




