लखीमपुर में यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, 25 ई-रिक्शा सीज

लखीमपुर में यातायात पुलिस का बड़ा एक्शन, 25 ई-रिक्शा सीज
यातायात माह के तहत मेला मैदान चौराहे पर चला सघन चेकिंग अभियान, जरूरी दस्तावेज न मिलने पर हुई कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। यातायात नियमों का पालन कराने और शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए यातायात पुलिस ने यातायात माह नवंबर के तहत सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शहर के मेला मैदान चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 25 ई-रिक्शा सीज किए गए। इस कार्रवाई से नियमों की अनदेखी कर ई-रिक्शा संचालित करने वाले चालकों में हड़कंप मच गया।
सीओ यातायात अभिमन्यु त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में यातायात प्रभारी हरमीत सिंह और स्थानीय पुलिस टीम ने ई-रिक्शा चालकों के जरूरी दस्तावेजों की गहनता से जांच की। इस दौरान चालकों से फिटनेस प्रमाणपत्र, ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन से संबंधित अन्य आवश्यक प्रपत्र मांगे गए। जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न करा पाने वाले 25 ई-रिक्शा को पुलिस ने सीज कर दिया।
यातायात पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना, नियमों का उल्लंघन रोकना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी कार्रवाई से बचा जा सके।



