गोला में 1500 स्कूली बच्चों ने निकाली मां वैष्णो दरबार की पदयात्रा

गोला में 1500 स्कूली बच्चों ने निकाली मां वैष्णो दरबार की पदयात्रा
पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बच्चों को दिलाया स्वच्छता का संकल्प
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ खीरी। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंगलवार को विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य कल्याण समिति के तत्वावधान में नगर के विभिन्न विद्यालयों के करीब 1500 विद्यार्थियों ने मां वैष्णो दरबार के दर्शन के लिए पदयात्रा निकाली। नगर पालिका परिषद परिसर से पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने हरी झंडी दिखाकर पदयात्रा को रवाना किया। इस दौरान माता रानी के प्रति श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
पदयात्रा रवाना करने से पहले पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने विद्यार्थियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और स्वच्छता का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बच्चे भगवान का स्वरूप होते हैं। इस तरह के धार्मिक आयोजनों से बच्चों में संस्कार, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
नगर पालिका परिषद परिसर से शुरू हुई पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुरानी मिल कॉलोनी पहुंची। यहां पिछले करीब 30 वर्षों से सजाए जा रहे मां वैष्णो दरबार में विद्यार्थियों ने दर्शन किए। दरबार में दुर्गम पहाड़ियों की आकर्षक संरचना के बीच से गुजरकर बच्चों ने माता रानी के दर्शन किए और सुख-समृद्धि की कामना की।
पदयात्रा में इंडियन हेरिटेज एकेडमी, आदर्श दुर्गा विद्या मंदिर, पुरुषोत्तम बाल विद्या मंदिर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एकेडमी, शारदे ज्ञान मंदिर, आदर्श सरस्वती बाल विद्या मंदिर, मां सरस्वती शिक्षा मंदिर, प्रकाश दीप शिक्षा निकेतन, इंडियन पब्लिक एकेडमी, सरस्वती ज्ञान मंदिर, अरविंद पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, आदर्श सरस्वती विद्या मंदिर, माया मेमोरियल, यदुशील शिक्षा निकेतन, बजाज पब्लिक स्कूल और शारदे विद्या मंदिर के विद्यार्थी शामिल हुए।
पदयात्रा का नेतृत्व पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’, विद्यालय प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य कल्याण समिति के प्रांतीय महामंत्री शैलेंद्र सक्सेना तथा मां वैष्णो दरबार के आयोजक अवधेश श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर समिति के कोषाध्यक्ष अनुज खरे, कार्यकारी अध्यक्ष डीपी श्रीवास्तव, मां दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, पूर्व मंडल अध्यक्ष कुंभी रविन्द्र कटियार, अतुल श्रीवास्तव, सुनील शर्मा, हिमांशु सिंह, अनूप अवस्थी, प्रदीप भगत, बब्बू सक्सेना, राजीव शुक्ला और संजय तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



