नेपाल से भारत चरस ला रही महिला गिरफ्तार, 982 ग्राम चरस बरामद

नेपाल से भारत चरस ला रही महिला गिरफ्तार, 982 ग्राम चरस बरामद
गौरीफंटा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, नूडल्स के डिब्बे में पांच पाउच छिपाकर ला रही थी चरस
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गौरीफंटा पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने एक महिला को 982 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला नेपाल से भारत की ओर चरस ला रही थी। बरामद चरस नूडल्स के डिब्बे में पांच पाउचों में छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में कवच योजना के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 13 अक्टूबर 2026 को गौरीफंटा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम बनगवां से मोहना नदी घाट की ओर जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें नूडल्स के डिब्बे के अंदर रखे पांच पाउचों से कुल 982 ग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार महिला की पहचान सुशीला शाह (करीब 55 वर्ष), पत्नी खैरू शाह, निवासी वार्ड नंबर सात, जलेसर थाना, जिला महोत्तरी, नेपाल तथा वर्तमान पता कटान वार्ड नंबर दो, धनगढ़ी, जिला कैलाली, नेपाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना गौरीफंटा पर मुकदमा अपराध संख्या 27/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/23 में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम में गौरीफंटा थाने के उपनिरीक्षक प्रमीत कुमार, कांस्टेबल हेमंत कुमार, महिला कांस्टेबल संजू और प्रियंका भाटी शामिल रहीं। वहीं, एसएसबी की बी कंपनी बनकटी, 39वीं वाहिनी की ओर से उप कमांडेंट विजयेंद्र कुमार, सहायक कमांडेंट विवेक कुमार यादव सहित अन्य जवानों ने कार्रवाई में भाग लिया



