#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपीलीभीत

भव्य दंगल का आयोजन, अमरोहा के राजीव कुमार ने मारी बाजी

भव्य दंगल का आयोजन, अमरोहा के राजीव कुमार ने मारी बाजी

हजारों दर्शकों ने लिया रोमांचक कुश्तियों का आनंद, विजेता को ₹2100 और उपविजेता को ₹1100 का पुरस्कार

रिपोर्ट -अखिलेश यादव, पीलीभीत

पूरनपुर (पीलीभीत)। विकासखंड पूरनपुर के ग्राम सपहा, पोस्ट सोंधा में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी भव्य दंगल मेले का आयोजन किया गया। दंगल में आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने रोमांचक कुश्तियों का जमकर आनंद लिया।

दंगल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कुश्ती के दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया। पहलवानों के मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।

अमरोहा के राजीव कुमार ने जीती अंतिम कुश्ती

दंगल की सबसे बड़ी और अंतिम कुश्ती अमरोहा के राजीव कुमार और चतीपुर के सीताराम केसरी के बीच हुई। करीब 20 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। आखिरकार राजीव कुमार ने अपनी ताकत और कुश्ती की बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए सीताराम केसरी को चित्त कर दिया।

आयोजन समिति की ओर से विजेता राजीव कुमार (अमरोहा) को ₹2100 तथा उपविजेता सीताराम केसरी (चतीपुर) को ₹1100 की नगद धनराशि, पगड़ी और सम्मान देकर पुरस्कृत किया गया।

कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अरमोद कुमार, रामनाथ मिश्र, अजय कुमार मिश्र, शिवदेव श्रीवास्तव, चिरोंजी लाल, सूरज कुमार, देवेश कुमार, भगवान स्वरूप (कोटेदार), कोमल प्रसाद, शोभित जाट, करन जाट, अमित जाट और धर्मेन्द्र कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अतिथियों ने पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किए और युवाओं से खेलों से जुड़ने का आह्वान किया।

युवाओं को नशे से दूर रखने का संदेश

ग्राम प्रधान एवं आयोजन मंडल ने बताया कि दंगल आयोजित करने का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करते हुए नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। आयोजकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की इस पारंपरिक खेल संस्कृति को आगे भी इसी तरह जारी रखा जाएगा।

Related Articles

Back to top button