#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशपीलीभीतब्रेकिंग न्यूज़

गौशाला का औचक निरीक्षण कर एसडीएम प्रमेश कुमार ने परखी व्यवस्थाएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

गौशाला का औचक निरीक्षण कर एसडीएम प्रमेश कुमार ने परखी व्यवस्थाएं, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

रिपोर्ट,अखिलेश यादव,पीलीभीत

कलीनगर। तहसील कलीनगर के उपजिलाधिकारी प्रमेश कुमार ने सोमवार को ग्राम पंचायत परशुरामपुर स्थित अस्थाई गौवंश आश्रय स्थल (गौशाला) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं, गौवंशों के रखरखाव, चारे, पानी एवं स्वास्थ्य सेवाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने गौशाला परिसर में घूमकर विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने मौके पर मौजूद केयरटेकर एवं संबंधित पंचायत कर्मचारियों से संरक्षित गौवंशों की संख्या, बीमार पशुओं के उपचार तथा उनके खान-पान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गौवंशों की देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम प्रमेश कुमार ने निर्देशित किया कि गौवंशों को पर्याप्त मात्रा में सूखा एवं हरा चारा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए चरनियों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने बीमार अथवा चोटिल गौवंशों के तत्काल उपचार के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी को नियमित रूप से गौशाला का निरीक्षण करने और समय-समय पर टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा। इसके अलावा गौशाला परिसर में गोबर एवं जलभराव न होने देने, स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा रात के समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
बढ़ती ठंड और मौसम को ध्यान में रखते हुए गौवंशों के लिए छाया एवं तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था करने को भी कहा गया। एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि गौवंश संरक्षण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यदि चारे, पानी अथवा स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई या शिकायत मिली तो संबंधित ग्राम विकास अधिकारी एवं पंचायत सचिव के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button