बिना ओटीपी बताए खाते से पार हुए 49,999 रुपये, हेंकरो नें तीन बार में निकाली रकम

बिना ओटीपी बताए खाते से पार हुए 49,999 रुपये, हेंकरो नें तीन बार में निकाली रकम
पीड़ित नें पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की लगाई गुहार
सेहरामऊ, पीलीभीत। पीलीभीत के थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के ग्राम हरिपुर में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित के अनुसार उसका मोबाइल फोन घर में चार्जिंग पर लगा था और इसी दौरान उसके बैंक खाते से तीन बार में कुल 49,999 रुपये की रकम निकल गई। मामले में पीड़ित ने थाना सेहरामऊ उत्तरी में प्रार्थना पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम हरिपुर निवासी जालिम पासवान उर्फ विशाल पुत्र काशीनाथ प्रसाद के अनुसार चार अक्टूबर की शाम करीब छह बजे उसका मोबाइल फोन घर में चार्जिंग पर लगा हुआ था। वह घर पर ही अपने कार्य में व्यस्त था। इसी दौरान उसके बैंक खाते से लगातार तीन लेनदेन हुए। पहले 20 हजार रुपये, फिर 20 हजार रुपये और इसके कुछ समय बाद 9,999 रुपये की राशि खाते से निकल गई। इस तरह कुल 49,999 रुपये की रकम खाते से चली गई।पीड़ित का कहना है कि उसने स्वयं कोई भुगतान नहीं किया था और न ही किसी अन्य व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते से संबंधित ओटीपी अथवा अन्य जानकारी साझा की थी। खाते से रकम निकलने की जानकारी होने पर उसने मामले की जानकारी जुटाई और थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी।पीड़ित ने थाना सेहरामऊ उत्तरी में प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की जांच कराने और रकम वापस कराने की दिशा में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत का संज्ञान लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। लेनदेन किस माध्यम से हुआ और रकम किस खाते में गई, इसकी जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध की स्थिति में पीड़ित को बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए। साथ ही बैंक को तत्काल सूचना देकर संबंधित खाते अथवा लेनदेन को सुरक्षित कराने का प्रयास करना चाहिए। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा करने से बचने की सलाह दी जाती है।







