राष्ट्रीय बजरंग दल गौ सेवा टीम और पुलिस की तत्परता से बची पांच जिंदगियां, घायलों को बरेली में कराया जा रहा इलाज
ब्यूरो रिपोर्ट पीलीभीत

पूरनपुर में आधी रात भीषण सड़क हादसा, बिजली के खंभे से टकराई क्रेटा; पांच गंभीर घायल
राष्ट्रीय बजरंग दल गौ सेवा टीम और पुलिस की तत्परता से बची पांच जिंदगियां, घायलों को बरेली में कराया जा रहा इलाज
पूरनपुर/पीलीभीत। शनिवार/रविवार देर रात करीब 11:30 बजे पूरनपुर में एक भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया। छीना पैलेस के आगे मोड़ पर एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बिजली का खंभा टूट गया और 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल होकर अंदर फंस गए।घटना की सूचना मिलते ही ठाकुर शिवम सिंह भदोरिया, ठाकुर उद्देश्य जादौन, ठाकुर सिद्धांत जादौन, ठाकुर प्रांजल सिंह, ठाकुर मयंक सिंह, पंडित आदर्श दीक्षित और पंडित सचिन मिश्रा सहित राष्ट्रीय बजरंग दल पूरनपुर गौ सेवा टीम तत्काल सक्रिय हुई। टीम उस समय जियो पेट्रोल पंप के पास मौजूद थी और सूचना मिलने के महज दो मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गई।

मौके का दृश्य बेहद भयावह था। कार के चारों ओर बिजली की 11 हजार वोल्ट की लाइन पड़ी थी, जबकि वाहन के अंदर खून से लथपथ पांच घायल फंसे हुए थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पूरनपुर इंस्पेक्टर पवन पांडेय और एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंच गया।पुलिस और गौ सेवा टीम ने अपनी जान जोखिम में डालकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। इंस्पेक्टर पवन पांडेय ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद करवाने की कार्रवाई कराई, क्योंकि घटनास्थल पर चिंगारियां उठ रही थीं और स्थिति बेहद खतरनाक बनी हुई थी।घायलों की पहचान आशीष पाल, जय सिंह यादव, हरनाम सिंह यादव, आशीष सिंह चौहान समेत एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। बताया गया कि सभी लखनऊ से अपने घर पीलीभीत लौट रहे थे।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार, टांके और ऑक्सीजन की व्यवस्था के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से पीलीभीत भेजा गया। परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। बाद में जानकारी मिली कि सभी घायलों का बरेली में उपचार चल रहा है और फिलहाल सभी खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।हादसे के बीच समय पर पहुंची पुलिस और राष्ट्रीय बजरंग दल गौ सेवा टीम की तत्परता ने राहत कार्य को गति दी और घायलों को समय रहते उपचार मिल सका।
SvasJsNews | जनहित की आवाज




