मासूम के इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
ब्यूरो रिपोर्ट शाहजहांपुर

मासूम के इलाज में लापरवाही का आरोप, परिजनों ने जिलाधिकारी से लगाई न्याय की गुहार
डॉक्टर पर नलकी डालने के बाद निकालने से इनकार करने और इलाज के नाम पर रुपये लेने का आरोप
शाहजहांपुर। वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मासूम बच्चे के उपचार को लेकर परिजनों ने चिकित्सक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में बच्चे के पिता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर पूरे प्रकरण की जांच कराने, बच्चे को उपचार दिलाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार, ग्राम कैसरपुर कलां निवासी उनके मासूम बच्चे को पेशाब और शौच रुकने की समस्या के चलते 7 जुलाई 2026 को वरुण अर्जुन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया था। आरोप है कि वहां चिकित्सक द्वारा बच्चे के शरीर में नलकी डाली गई और उपचार के नाम पर करीब 40 हजार रुपये लिए गए। परिजनों का कहना है कि उपचार के बावजूद बच्चे की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बाद में बच्चे को PGI लखनऊ और AIIMS दिल्ली के लिए रेफर किया गया, जिसके चलते परिवार को इलाज पर काफी अतिरिक्त खर्च करना पड़ा। परिजनों के मुताबिक, बच्चे के शरीर में डाली गई नलकी को निकालने के लिए जब चिकित्सक से संपर्क किया गया तो कथित रूप से नलकी निकालने से इनकार कर दिया गया और बच्चे को कहीं अन्य स्थान पर ले जाने की बात कही गई। परिवार का आरोप है कि मासूम के शरीर में नलकी लगी होने के कारण उसे काफी परेशानी और दर्द का सामना करना पड़ रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के सामने बच्चे के आगे के उपचार को लेकर भी संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, बच्चे के उपचार की तत्काल व्यवस्था कराने, नलकी निकलवाने तथा यदि जांच में आरोप सही पाए जाएं तो संबंधित चिकित्सक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

SvasJsNews ने मामले को शिकायतकर्ता के प्रार्थना पत्र के आधार पर प्रकाशित किया है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले में संबंधित अस्पताल या चिकित्सक का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।




