एनएसपीएस त्रिपुला में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

एनएसपीएस त्रिपुला में मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती
विद्यार्थियों ने भाषण, संवाद व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया सत्य-अहिंसा और राष्ट्र सेवा का संदेश
रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, त्रिपुला में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्रधानाचार्या शर्मिला दास गुप्ता ने शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा व स्वच्छता तथा शास्त्री जी की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्र सेवा के आदर्शों को विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। कुशाग्र, ध्रुव, भाविका और अदिति ने भाषण एवं संवाद के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। गांधीजी के वेश में छात्र देव ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रधानाचार्या शर्मिला दास गुप्ता ने बताया कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता की दिशा में नई राह दिखाई, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, दृढ़ता और कर्तव्यनिष्ठा से देश का नेतृत्व किया। दोनों महापुरुषों का जीवन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों को केवल जयंती तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर उप-प्रधानाचार्य फैजान खान, शिवकरन पाल, संचिता त्रिवेदी, प्रशांत पांडेय, अजय सिंह, शाहीन खान सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।



