चिलकाना में प्रैस मीडिया एसोसिएशन का पत्रकार सम्मेलन 2026 आयोजित, पत्रकारों को किया सम्मानित- पत्रकारों की एकजुटता और निष्पक्ष पत्रकारिता पर दिया जोर

चिलकाना में प्रैस मीडिया एसोसिएशन का पत्रकार सम्मेलन 2026 आयोजित, पत्रकारों को किया सम्मानित- पत्रकारों की एकजुटता और निष्पक्ष पत्रकारिता पर दिया जोर
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर चिलकाना सुल्तानपुर प्रैस मीडिया एसोसिएशन के तत्वावधान में चिलकाना सुल्तानपुर में पत्रकार सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन किया गया। वरिष्ठ पत्रकार एवं संगठन के सचिव हाकिम अली के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में चिलकाना सुल्तानपुर सहित सहारनपुर महानगर, विभिन्न तहसीलों और नगर पंचायत क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों को पटका पहनाकर एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय पत्रकारों के योगदान को सराहते हुए समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारियों, निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकारों की एकजुटता और पत्रकार उत्पीड़न जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
सम्मेलन में मुख्य रूप से पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चिलकाना अकबर कुरैशी, नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भावी उम्मीदवार नादिया हसन तथा प्रैस मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं पत्रकारों के सम्मान के साथ हुआ। संगठन की ओर से अतिथियों ने पत्रकारों को पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न स्वरूप शील्ड भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चिलकाना अकबर कुरैशी ने कहा कि आज डिजिटल युग में लगभग प्रत्येक व्यक्ति के हाथ में मोबाइल फोन है। सोशल मीडिया के माध्यम से कोई भी व्यक्ति वीडियो बनाकर खबर के रूप में प्रसारित कर सकता है, लेकिन पत्रकारिता केवल वीडियो चलाने या समाचार प्रसारित करने तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा कि जिम्मेदार और प्रमाणित पत्रकार अपनी सूझबूझ, विवेक और तथ्यों के आधार पर सटीक एवं सत्य खबरें समाज के सामने रखते हैं। ऐसी पत्रकारिता देश और समाज के हित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। अकबर कुरैशी ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे समाज की वास्तविक समस्याओं को सामने लाकर जनहित में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने प्रैस मीडिया एसोसिएशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन्हें पत्रकारों के इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में शामिल होने का अवसर दिया, जिसके लिए वह संगठन के पदाधिकारियों के आभारी हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष पद की भावी उम्मीदवार नादिया हसन ने सम्मेलन के आयोजन की सराहना करते हुए वरिष्ठ पत्रकार हाकिम अली का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चिलकाना जैसे कस्बे में पत्रकारों का इतना बड़ा सम्मेलन आयोजित करना सराहनीय पहल है। इस प्रकार के आयोजन पत्रकारों को आपस में जोड़ने और उनके कार्यों को सम्मान देने का माध्यम बनते हैं। नादिया हसन ने कहा कि पत्रकार अपने सुख-दुख की परवाह किए बिना समाज के हित में लगातार कार्य करता है। चाहे तेज धूप हो, भीषण गर्मी, कड़ाके की सर्दी या बरसात, पत्रकार हर परिस्थिति में घटनास्थल तक पहुंचकर जनता की समस्याओं को सामने लाने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपनी कलम के माध्यम से सरकार और प्रशासन को जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए जागरूक करने का कार्य करते हैं। उन्होंने प्रैस मीडिया एसोसिएशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मेलन में उपस्थित सभी पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रैस मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता करना लगातार चुनौतीपूर्ण होता जा रहा है। पत्रकारों को समाचार संकलन और जनसमस्याओं को उठाने के दौरान विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।



