#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

दुधली में कब्रिस्तान की भूमि और सरकारी नाले पर कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच की मांग

दुधली में कब्रिस्तान की भूमि और सरकारी नाले पर कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच की मांग

विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी

सहारनपुर थाना जनकपुरी क्षेत्र के ग्राम दुधली में कब्रिस्तान की भूमि पर कथित अवैध निर्माण तथा सरकारी नाले को पाटकर अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्रवासियों में चिंता और रोष है। इस संबंध में समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव इसरार चौधरी ने जिलाधिकारी सहारनपुर के नाम एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि स्थानीय लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कब्रिस्तान की मुख्य सड़क की ओर स्थित दीवार के एक हिस्से को कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर वहां दो बड़े टीनशेड बनाए गए हैं, जिनका उपयोग दुकानों के रूप में किए जाने की बात सामने आ रही है। इसके साथ ही जल निकासी के लिए बने सरकारी नाले को कथित रूप से लेंटर एवं टीन डालकर ढक दिया गया है, जिससे जल निकासी प्रभावित होने की आशंका है।

इसरार चौधरी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर यह जानकारी सामने आई है कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में खसरा संख्या 4486 के अंतर्गत कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों से इसकी पुष्टि कराते हुए मौके पर वास्तविक स्थिति का निष्पक्ष सीमांकन कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से मांग की गई है कि संबंधित भूमि की राजस्व अभिलेखों के आधार पर पैमाइश कराई जाए, कब्रिस्तान की सीमा का सीमांकन कराया जाए तथा सरकारी नाले की भी संबंधित विभाग के अधिकारियों से जांच कराई जाए। साथ ही मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की वैधता एवं आवश्यक अनुमति संबंधी अभिलेखों की जांच कराने की मांग की गई है।

इसरार चौधरी ने कहा कि यदि जांच में कब्रिस्तान की भूमि, सरकारी भूमि अथवा सार्वजनिक नाले पर अतिक्रमण या अनधिकृत निर्माण पाया जाता है तो नियमानुसार उसे हटाने की कार्रवाई की जानी चाहिए तथा जल निकासी के लिए नाले को मुक्त कराया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से यह भी अपील की कि पूरी कार्रवाई राजस्व अभिलेखों और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष रूप से की जाए, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई न हो और यदि अतिक्रमण प्रमाणित होता है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जा सके।
ज्ञापन देने वालों में सपा अनूसूचित जाति प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय सचिव मंजू रानी, सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव सुरैया खान, श्रमिक नेता इमरान कुरैशी, शारिक मलिक, आदि थे। इसरार चौधरी
प्रदेश सचिव, समाजवादी पार्टी, उत्तर प्रदेश

Related Articles

Back to top button