मुठभेड़ में गोकशी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

मुठभेड़ में गोकशी के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
मैलानी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बरामदगी का किया दावा
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। थाना मैलानी पुलिस ने गोकशी के मामले में वांछित बताए जा रहे चार आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार गुरुवार को ग्राम सिंघाताली पुलिया के पास हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी वसीम पुत्र हनीफ निवासी भुड़वारा, थाना गोला के दाहिने पैर में गोली लगी। उसके तीन अन्य साथियों रूहीन पुत्र करामत, मोहसीम पुत्र हनीफ निवासी गुलाबनगर तथा नीलकंठ उर्फ राकेश पुत्र सालिकराम निवासी झाला, थाना मैलानी को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक 14 सितंबर को ग्राम झाला संसारपुर में दो गोवंश के अवशेष मिलने की सूचना पर थाना मैलानी में धारा 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच और आरोपियों की तलाश के दौरान गुरुवार को पुलिस टीम को आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। पुलिस का दावा है कि सिंघाताली पुलिया के पास आरोपियों से मुठभेड़ हुई, जिसमें वसीम के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने वसीम के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा एक चापड़, लोहे की छुरी, लकड़ी का ठीहा, चार प्लास्टिक की बोरियां, चार प्लास्टिक की रस्सियां और प्लास्टिक की पन्नी भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के संबंध में थाना मैलानी में धारा 109(1) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल आरोपी वसीम को उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि उसके विरुद्ध पूर्व में भी गोवध निवारण अधिनियम, गिरोहबंद अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में वसीम पुत्र हनीफ निवासी भुड़वारा थाना गोला, रूहीन पुत्र करामत व मोहसीम पुत्र हनीफ निवासी गुलाबनगर तथा नीलकंठ उर्फ राकेश पुत्र सालिकराम निवासी झाला थाना मैलानी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



