अभियान के दौरान दो बच्चे बालश्रम करते मिले, दुकान स्वामियों पर कार्रवाई

अभियान के दौरान दो बच्चे बालश्रम करते मिले, दुकान स्वामियों पर कार्रवाई
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। बालश्रम उन्मूलन, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, नशा मुक्ति और मानव तस्करी की रोकथाम को लेकर मंगलवार को एएचटी थाना खीरी की संयुक्त टीम ने जागरूकता एवं जांच अभियान चलाया। अभियान थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के राजापुर, एलआरपी और महेवागंज सहित रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप व अन्य स्थानों पर चलाया गया।
अभियान के दौरान दुकानों, होटलों, रेस्टोरेंट और मोटर स्पेयर पार्ट्स की दुकानों की जांच की गई। इस दौरान दो बच्चे बालश्रम करते हुए पाए गए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी द्वारा संबंधित दुकान स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की गई। साथ ही दुकान स्वामियों को 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से बालश्रम नहीं कराने की हिदायत दी गई।
टीम ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह, नशे के विरुद्ध अभियान और मानव तस्करी की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया। इस दौरान लोगों को आपातकालीन एवं सहायता हेल्पलाइन नंबर 1930, 101, 112, 108, 1098, 181, 102 और 1090 की जानकारी भी दी गई।
अभियान में एएचटी/एसजेपीयू प्रभारी उपनिरीक्षक राम अवतार, उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश मिश्रा, आरक्षी कौशिन्दर कुमार, महिला आरक्षी संध्या श्रीवास्तव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी प्रियंका वर्मा, मनोज कुमार श्रीवास्तव और चाइल्ड हेल्पलाइन से अंजुम परवीन सहित संयुक्त टीम मौजूद रही।



