#SvasJsNewsजयपुरदेशब्रेकिंग न्यूज़भीलवाड़ाराजस्थान

भाजपा ने महापौर पद के लिए खेला ‘राजपूत कार्ड’, जसवंत कंवर के नाम ने सबको चौंकाया

भाजपा ने महापौर पद के लिए खेला ‘राजपूत कार्ड’, जसवंत कंवर के नाम ने सबको चौंकाया

भीलवाड़ा जिले की अन्य नगर पालिका अध्यक्ष की घोषणा

रिपोर्टर, सत्यनारायण सेन

भीलवाड़ा/ गुरला/ जयपुर -राजस्थान नगर निकाय चुनाव को लेकर भीलवाड़ा में राजनीतिक सरगर्मियां बेहद तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भीलवाड़ा नगर निगम में शीर्ष पद के लिए एक बड़ा और चौंकाने वाला निर्णय लेते हुए ‘राजपूत कार्ड’ खेल दिया है।

लंबे मंथन और कड़े राजनीतिक समीकरणों के बीच, भाजपा संगठन ने वार्ड नंबर 09 से भाजपा पार्षद जसवंत कंवर के नाम पर अंतिम सहमति दे दी है।

पूर्व विधायक और जिलाध्यक्ष की रणनीति से सब हैरान

राजनीतिक हलकों में इस फैसले को काफी अप्रत्याशित माना जा रहा है। शहर के पूर्व विधायक विठ्ठल शंकर अवस्थी और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने जसवंत कंवर के नाम पर सर्वसम्मति देकर सभी को चौंका दिया है। इस फैसले के साथ ही पार्टी ने स्थानीय जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की एक बड़ी कोशिश की है।

निगम की पहली महिला महापौर बनने की ओर कदम

पार्टी के इस रणनीतिक कदम के बाद जसवंत कंवर भीलवाड़ा नगर निगम की पहली महिला महापौर बनने की ओर अग्रसर हैं। भाजपा खेमे में इस फैसले के बाद भारी उत्साह देखा जा रहा है। शीर्ष पदाधिकारियों की हरी झंडी मिलते ही जसवंत कंवर अपने समर्थकों और वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पूरे दमखम के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए रवाना हो चुकी हैं।

भीलवाड़ा जिले की अन्य नगर पालिकाओं के प्रत्याशी घोषित

एक तरफ जहां भीलवाड़ा शहर (नगर निगम) के लिए यह बड़ी खबर सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष श्री मदन लाल राठौड़ के निर्देशानुसार जिले की अन्य 8 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची भी आधिकारिक रूप से जारी कर दी गई है। इनमें शामिल प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:

बनेड़ाः श्री गोपाल चरण सिंह (सामान्य)

मांडलगाड़ः श्रीमती श्वेता डांगी (सामान्य महिला)

बिजोलियाः श्रीमती स्नेहा तिवाड़ी (सामान्य महिला)

बीगोदः श्री लोकेश नागोरी (सामान्य)

जहाजपुरः श्रीमती अल्केश वैष्णव (सामान्य महिला)

गंगापुरः श्रीमती विंकल सिंघवी (सामान्य महिला)

हमीरगढ़ः श्रीमती रेखा परिहार (ओ.बी.सी. महिला)

आसींदः श्री सत्येन्द्र सिंह चौहान (सामान्य)

भीलवाड़ा नगर निगम सहित इन सभी कस्बों में अब नामांकन प्रक्रिया के बाद चुनावी जंग बेहद दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गई है।

Related Articles

Back to top button