बिना रॉयल्टी के चल रहे 11 डंपर और 1 जेसीबी सीज

बिना रॉयल्टी के चल रहे 11 डंपर और 1 जेसीबी सीज
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के गैर-कानूनी परिवहन पर शिकंजा कसते हुए मिर्जापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस टीम ने बिना रॉयल्टी और अवैध प्रपत्रों के साथ फर्राटा भर रहे 11 डंपर और 1 जेसीबी को मौके पर ही सीज कर दिया।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) और क्षेत्राधिकारी बेहट के निकट पर्यवेक्षण में तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के कुशल नेतृत्व में की गई। 09 और 10 सितंबर 2026 की मध्य रात्रि मिर्जापुर पुलिस ने गन्देवड़–हथनीकुण्ड एवं गन्देवड़–बादशाहीबाग मार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया था। इस दौरान जब संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके कागजात खंगाले गए, तो भारी खामियां पाई गईं। अधिकांश वाहनों में ओवरलोडिंग, बिना वैध प्रपत्र (रॉयल्टी पास) और बिना नंबर प्लेट के खनन सामग्री ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 11 डंपरों (UP 11CT 8186, UP 11AT 8930, UP 11CT 8160, UP 11CT 2330, HR 58E 3022, HR 58E 6063, UP 11DT 1411, HR 58D 9326, HR 58E 8268, HR 58C 1032, HR 58E 1717) तथा 01 जेसीबी (UP 11DT 7278) समेत कुल 12 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया।
इस सफल कार्रवाई को थानाध्यक्ष विनोद कुमार, उप-निरीक्षक मुकेश सोलंकी, उप-निरीक्षक नरेश कुमार, हेड कॉन्स्टेबल विपिन खोखर, कॉन्स्टेबल चिराग और कॉन्स्टेबल राहुल मोतला की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई के लिए खनन विभाग को भेज दी गई है।



