पूर्व लेखपाल को दोबारा प्रभार मिलने पर लुधौरी में ग्रामीणों में नाराजगी

पूर्व लेखपाल को दोबारा प्रभार मिलने पर लुधौरी में ग्रामीणों में नाराजगी
ब्यूरो रिपोर्ट—तुषार शुक्ला
निघासन-खीरी। लुधौरी क्षेत्र का हल्का प्रभार पूर्व लेखपाल अविशेष श्रीवास्तव को दोबारा सौंपे जाने को लेकर किसानों और ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने लेखपाल को हटाकर नए लेखपाल की तैनाती किए जाने की मांग को लेकर तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार देवेंद्र मणि त्रिपाठी को सौंपते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के दौरान राहत सामग्री और तिरपाल वितरण के साथ ही फसलों एवं मकानों के नुकसान के सर्वे में कथित रूप से लापरवाही बरती गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि इसके कारण कई प्रभावित किसानों को सरकारी राहत का लाभ नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने पूर्व लेखपाल को दोबारा प्रभार दिए जाने पर आपत्ति जताते हुए तहसील प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मामले को लेकर अब ग्रामीणों की नजर तहसील प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।



