अज्ञात कारणों से पशुशाला में लगी आग — दो गायें झुलसीं, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

अज्ञात कारणों से पशुशाला में लगी आग — दो गायें झुलसीं, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
पीलीभीत। तहसील कलीनगर क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरिपुर फुलहर के मौजा नवदिया टोडर में मंगलवार देर शाम अज्ञात कारणों से एक गौशाला में आग लग गई। इस अग्निकांड में किसान संजीव कुमार पुत्र गोधन लाल की पशुशाला में रखी दो गायें बुरी तरह झुलस गईं, जबकि गौशाला में रखा भूसा, तख्त, इंजन सेट और अन्य सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर शाम संजीव कुमार अपनी गौशाला से दुकान पर गए हुए थे। लौटते समय उन्होंने देखा कि उनकी गौशाला में अचानक आग की लपटें उठ रही हैं। आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। किसान संजीव कुमार ने तत्काल 112 नंबर और अग्निशमन विभाग को घटना की सूचना दी।
संजीव कुमार के अनुसार, आग बहुत तेजी से फैल गई और गौशाला में रखा भूसा तथा अन्य सामान जलने लगा। उन्होंने किसी तरह गायों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
सूचना मिलते ही अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बाड़े में रखा सारा भूसा और अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
इस घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अरविंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय जांच की। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।



