महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया रास्ता, डीएम ने बांटे प्रमाण पत्र

महिलाओं को मिला स्वरोजगार का नया रास्ता, डीएम ने बांटे प्रमाण पत्र
पीलीभीत। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) एवं बड़ौदा स्वरोजगार विकास संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 12 दिवसीय मोमबत्ती निर्माण प्रशिक्षण का सफल समापन हुआ। समापन समारोह में जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने स्वयं सहायता समूह (SHG) की 30 महिलाओं को प्रमाण पत्र वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को डिजाइनर, सुगंधित एवं सजावटी मोमबत्तियों के साथ-साथ डिशवॉशर, डिटर्जेंट पाउडर और झाड़ू जैसे दैनिक उपयोग के उत्पाद बनाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने घोषणा की कि महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों को आगामी दीपावली पर जिला प्रशासन के सहयोग से स्थानीय बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही प्रशासन स्वयं भी इन उत्पादों की खरीद कर उन्हें बढ़ावा देगा, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि होगी और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा।
जिलाधिकारी के इस आश्वासन से प्रशिक्षण प्राप्त महिलाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस पहल से महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही उन्हें बाजार उपलब्ध होगा।



