भिंड में भीषण सड़क हादसा, लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत, 23 घायल

भिंड में भीषण सड़क हादसा, लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत, 23 घायल
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी/भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में नेशनल हाईवे-719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के समीप सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। मजदूरों से भरी पिकअप और सामने से आ रहे डंपर की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में लखीमपुर खीरी के आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बताया गया कि सभी मजदूर मध्य प्रदेश के गोहद क्षेत्र में धान की रोपाई का काम पूरा करने के बाद पिकअप से अपने घर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। इसी दौरान छीमका गांव के पास पिकअप और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों का उपचार कराया जा रहा है।
छह मृतकों की पहचान, दो अज्ञात
हादसे में बेला तरसिया निवासी उपदेश पुत्र मोहन, अमर सिंह पुत्र वंशीधर और सुखदेव पुत्र कंचन की मौत हुई है। इसके अलावा किशनपुर अजीत, थाना पसगवां निवासी 45 वर्षीय गुड्डू पुत्र प्रहलाद पासी, ग्राम बेला तुरसिया, थाना मोहम्मदी निवासी 30 वर्षीय रजनीश पुत्र कंचनलाल पासी तथा हन्ना निउली, थाना मोहम्मदी निवासी 30 वर्षीय सुभाष पुत्र कमलेश की भी जान चली गई।
मृतकों में दो की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उनकी शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
23 लोग घायल
हादसे में आदेश पासी (24), आकाश पुत्र रामसागर पासी (19) निवासी बेला तरसिया, हंसराज पुत्र रामकिशन पासी 42 निवासी बेला तरसिया, अक्षय पुत्र मुकेश पासी 16 निवासी पिपरौला थाना विचौलिया, रामदास पुत्र बब्बी पासी 20 निवासी किशनपुर अजीत, सोनपाल पुत्र कंचन पासी 45 निवासी बेला तरसिया, करण पुत्र रामेश्वर दयाल पासी 18 निवासी बेला तरसिया, रामकुमार पुत्र रामप्रसाद पासी 23 निवासी बेला तरसिया, रंजीत पुत्र गुड्डू पासी 21 निवासी किशनपुर अजीत, बालकिशन पुत्र रामचरन पासी 40 निवासी बेला तरसिया और अरविंद पुत्र अमर सिंह पासी 19 निवासी बेला तरसिया घायल हुए हैं।
इसके अलावा अनिल कुमार पुत्र लेखराम पासी 40 निवासी बसबेरिया थाना हैदराबाद, शिवकुमार पुत्र राम दयाराम पासी 30 निवासी बेला तरसिया, देवेंद्र सिंह पुत्र शेरसिंह कुशवाहा 26 निवासी बेला तरसिया, अनुप कुमार पुत्र रामस्वरूप पासी 20 निवासी रामपुर पट्टी थाना खुटार, बैचेलाल पुत्र मिश्रीलाल पासी (50 निवासी रामपुर पचैया थाना मोहम्मदी, पिंकू पुत्र सुखदेव कुशवाहा 18 निवासी बेला तरसिया, नन्दलाल पुत्र छैलबिहारी पासी (32) निवासी पसगमा थाना पसगमा, रमाकांत पुत्र कंचनलाल (37) निवासी बेला तरसिया, अखिलेश पुत्र गेंदालाल निवासी पसगमा और विकास पुत्र सुरेश भी घायल हुए हैं।
हादसे में पिकअप चालक 25 वर्षीय पवन पुत्र दिनेश जाटव निवासी विज्जू पुरा, डबरा तथा ट्रक चालक 43 वर्षीय महेश पुत्र चिरौजी प्रजापति निवासी बैदारी, थाना पोहरी, जिला शिवपुरी भी घायल हुए हैं।
घर लौटते समय छिन गईं आठ जिंदगियां
मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई का काम पूरा कर अपने घर लौट रहे थे। परिवारों को उम्मीद थी कि काम पूरा कर उनके अपने जल्द घर पहुंचेंगे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने आठ परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे की खबर लखीमपुर खीरी पहुंचते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। मोहम्मदी, पसगवां और आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।
हादसे के बाद घायलों के उपचार और मृतकों की पहचान से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



