जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं- जिलाधिकारी

जल जीवन मिशन की परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराएं- जिलाधिकारी
डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने ग्रामीण एवं शहरी जल जीवन मिशन की परियोजनाओं की समीक्षा कर भूमि उपलब्धता एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
रायबरेली-17 अगस्त 2026,
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित जल जीवन मिशन ग्रामीण एवं शहरी की विभिन्न पेयजल परियोजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की स्थिति तथा परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से परियोजनावार प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाए। निर्माणाधीन परियोजनाओं में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने परियोजनाओं के लिए भूमि की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भूमि उपलब्धता से संबंधित प्रकरण लंबित हैं, वहां संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण कराई जाए, ताकि भूमि के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य प्रभावित न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के प्रत्येक परिवार को सुचारू रूप से स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजनाओं के निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की नियमित रूप से स्थलीय जांच भी कराई जाए।
उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, उनमें पेयजल आपूर्ति की स्थिति का सत्यापन कर यह सुनिश्चित किया जाए कि आमजन को योजनाओं का वास्तविक एवं निरंतर लाभ प्राप्त हो रहा है। साथ ही, जिन परियोजनाओं में तकनीकी, भूमि अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है, उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) आर०वी० सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) अफजल खान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



