सोलर पैनल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

सोलर पैनल चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर। थाना गोला पुलिस ने सोलर पैनल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 545 वाट का सोलर पैनल बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम टिहुलिया फार्म निवासी लखविंदर सिंह ने 10 अगस्त को थाना गोला में तहरीर देकर बताया था कि चार-पांच अगस्त की मध्यरात्रि उनके घर से करीब 500 मीटर दूर खेत में लगा सोलर पैनल अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को चोरी की घटना में तीन लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मंगलवार सुबह करीब 6:15 बजे बिटौरा मोड़ के पास से अवधराम पुत्र हरनाम निवासी मुड़िया मिश्र, उसमान अली पुत्र चिराग अली और कासिम अली पुत्र ईदरीश अली निवासीगण मुड़िया मिश्र को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया 545 वाट का सनवॉण्ड एनर्जी कंपनी का सोलर पैनल बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक गोविंद सिंह, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल चरणजीत सिंह और कांस्टेबल ओमकार सिंह शामिल रहे।



