#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

लखीमपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का आगाज, छात्राओं को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली

लखीमपुर में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का आगाज, छात्राओं को खिलाई गई एल्बेंडाजोल की गोली

14 अगस्त को छूटे हुए बच्चों के लिए होगा मॉप-अप दिवस

ब्यूरो  रिपोर्टर तुषार शुक्ला


लखीमपुर खीरी। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान के तहत आर्यकन्या इंटर कॉलेज मिश्राना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत की मौजूदगी में विद्यालय की छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। साथ ही छात्राओं को दवा सेवन के फायदे और पेट के कीड़ों से होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद रावत ने बताया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर 10 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को आंतों के कीड़ों से मुक्त करने के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जा रही है।

उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को किसी कारणवश दवा खाने से वंचित रह गए बच्चों के लिए 14 अगस्त 2026 को मॉप-अप दिवस यानी विशेष पूरक दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन छूटे हुए बच्चों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई जाएगी।

डॉ. रावत ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम वर्ष 2016 से लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत सरकारी एवं निजी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा मदरसों में अध्ययनरत बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमिनाशक दवा दी जाती है। अभियान का उद्देश्य बच्चों को आंतों के कीड़ों से मुक्त कर उनके स्वास्थ्य, पोषण और शैक्षणिक प्रदर्शन में सुधार करना है।

उन्होंने दवा की खुराक के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को 200 मिलीग्राम यानी आधी गोली चूर्ण बनाकर पानी के साथ दी जाती है। 2 से 3 वर्ष के बच्चों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली पीसकर पानी के साथ खिलाई जाती है। वहीं 3 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम की पूरी गोली चबाकर खिलाई जाती है।

उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान बच्चों को दवा खिलाने के साथ ही उन्हें स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने सरकारी स्वास्थ्य अभियान में सहयोग के लिए विद्यालय की प्रधानाचार्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों की सफलता में शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रक्रिया प्रबंधक कुलदीप सिंह, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम से सचिन गुप्ता, शहरी स्वास्थ्य समन्वयक राहुल शाक्य समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button