सावन शिवरात्रि पर महिला पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान, मंदिरों में मुस्तैद रहा महिला बल

सावन शिवरात्रि पर महिला पुलिस ने संभाली सुरक्षा की कमान, मंदिरों में मुस्तैद रहा महिला बल
ब्यूरो रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर सावन शिवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद के प्रमुख शिवालयों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सहारनपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक प्रबंध किए गए। मंदिरों में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई। महिला थाना प्रभारी एवं महिला पुलिसकर्मियों ने मंदिर परिसरों में पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाई। महिला पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कतार व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी। इसके साथ ही मंदिर परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। महिला श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक एवं विनम्र व्यवहार किया तथा उन्हें सुगम दर्शन और सुरक्षित आवागमन में आवश्यक सहयोग प्रदान किया। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए महिला पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखा गया। सहारनपुर पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सावन शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी पर तैनात है।



