जनपद में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी अभियान, 41 प्रतिष्ठानों की जांच, 8 नमूने लिए गए

जनपद में उर्वरक प्रतिष्ठानों पर सघन छापेमारी अभियान, 41 प्रतिष्ठानों की जांच, 8 नमूने लिए गए
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी, 07 अगस्त। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के निर्देशन तथा शासन के निर्देशों के अनुपालन में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी, जमाखोरी एवं ओवररेटिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जनपद में उर्वरक निर्माताओं, थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं तथा सहकारी संस्थाओं के विक्रय केंद्रों पर व्यापक छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। अभियान में कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ अन्य विभागों के नामित जिला स्तरीय अधिकारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जनपद की विभिन्न तहसीलों में कुल 41 उर्वरक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए 8 उर्वरक नमूने संग्रहित किए गए। अनियमितता पाए जाने पर 9 उर्वरक विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए अथवा उनकी बिक्री प्रतिबंधित की गई, जबकि 2 विक्रेताओं के विक्रय प्रमाण-पत्र लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। साथ ही कालाबाजारी, जमाखोरी एवं ओवररेटिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं संस्थानों के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के अंतर्गत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वे उर्वरकों का विक्रय निर्धारित मूल्य पर करें, स्टॉक एवं विक्रय अभिलेख अद्यतन रखें तथा पीओएस मशीन के माध्यम से ही बिक्री सुनिश्चित करें। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे आवश्यकता के अनुरूप ही उर्वरक खरीदें और खरीदते समय रसीद अवश्य प्राप्त करें।



