#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

डेंगू व जेई की सूचना पर फूलबेहड़ और निघासन के गांवों में चला सर्विलांस अभियान

डेंगू व जेई की सूचना पर फूलबेहड़ और निघासन के गांवों में चला सर्विलांस अभियान

87 घरों का हुआ गहन सर्वेक्षण, 3 घरों के पानी के बर्तनों व कंटेनरों में मिला मच्छर का लार्वा


ब्यूरो  रिपोर्टर तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी। जनपद के ब्लॉक फूलबेहड़ के ग्राम ज्ञानपुर में डेंगू और ब्लॉक निघासन के ग्राम सिंगहा कला में जापानी एन्सेफेलाइटिस (जेई) के मरीज मिलने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग तत्काल हरकत में आ गया। सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर जिला मलेरिया अधिकारी के नेतृत्व में मलेरिया विभाग की टीम ने प्रभावित गांवों का दौरा कर निरोधात्मक कार्यवाही व जागरूकता अभियान चलाया।


सीएमओ डॉ संतोष गुप्ता ने बताया कि टीम ने दोनों गांवों में पहुंचकर एण्टोमोलॉजिकल सर्विलांस, सोर्स रिडक्शन, एंटीलार्वाल स्प्रे, फीवर ट्रैकिंग, डोर-टू-डोर सर्वे और फॉगिंग का कार्य संपन्न किया। निरोधात्मक कार्रवाई के तहत दोनों गांवों के कुल 87 घरों का गहन सर्वेक्षण किया गया। जांच के दौरान 3 घरों के पानी के बर्तनों व कंटेनरों में मच्छर का लार्वा पाया गया, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया और संबंधित गृह स्वामियों को नोटिस जारी किया गया। फीवर ट्रैकिंग के दौरान 9 संभावित बुखार पीड़ितों की पहचान कर मलेरिया आरडीटी (रैपिड डायग्नोस्टिक टेस्ट) के जरिए त्वरित जांच की गई, जिसमें सभी की रिपोर्ट मलेरिया ऋणात्मक (नेगेटिव) पाई गई।
संक्रमण को रोकने के उद्देश्य से पूरे गांव में फॉगिंग कराई गई तथा जलभराव वाले स्थानों व नालियों में सघन एंटीलार्वा का छिड़काव किया गया। इसके अलावा संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए ग्रामीणों को प्रचार-प्रसार सामग्री बांटी गई, दीवारों पर पोस्टर चस्पा किए गए और संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताकर जनमानस में जागरूकता फैलाई गई।

Related Articles

Back to top button