मिट्टी से लदे डंपरों की बेलगाम रफ्तार से हाईवे बना खतरे का रास्ता, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मिट्टी से लदे डंपरों की बेलगाम रफ्तार से हाईवे बना खतरे का रास्ता, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
पिलीभीत।
पूरनपुर–खुटार–आसाम हाईवे पर इन दिनों मिट्टी से भरे डंपरों की लगातार आवाजाही स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। आरोप है कि कई डंपर बिना उचित ढकाव के मिट्टी का परिवहन कर रहे हैं, जिससे सड़क पर मिट्टी गिर रही है। बारिश के कारण यही मिट्टी कीचड़ में बदलकर सड़क को फिसलन भरा बना रही है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
कढ़ेरचौराहा जैसे व्यस्त क्षेत्र से हर दिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सावन माह होने के कारण बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री भी इसी मार्ग से आवागमन कर रहे हैं। ऐसे में हाईवे पर फैली मिट्टी और कीचड़ दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डंपरों की आवाजाही दिन-रात जारी रहती है, लेकिन सड़क पर गिर रही मिट्टी को रोकने या नियमित सफाई की कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई नहीं देती। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि मिट्टी परिवहन करने वाले वाहनों की जांच कराई जाए, उनके दस्तावेजों और अनुमति की पड़ताल हो तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि परिवहन के दौरान मिट्टी सड़क पर न गिरे।
यदि समय रहते इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो बरसात के मौसम में हाईवे पर किसी बड़े सड़क हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक ठोस कदम उठाता है।
(नोट: यह समाचार स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



