#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़लखीमपुर खीरी

बच्चा चोरी के संदेह में महिला को खंभे से बांधा, पुलिस जांच में मानसिक रूप से अस्वस्थ निकली

बच्चा चोरी के संदेह में महिला को खंभे से बांधा, पुलिस जांच में मानसिक रूप से अस्वस्थ निकली

ब्यूरो  रिपोर्टर तुषार शुक्ला

लखीमपुर खीरी पलिया कलां।नगर के किसान मोहल्ला में गुरुवार को बच्चा चोरी की आशंका को लेकर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने एक संदिग्ध महिला को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को भीड़ के कब्जे से मुक्त कराकर थाने पहुंचाया। बाद में जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ पाई गई।

जानकारी के अनुसार किसान मोहल्ला निवासी ओम बाबू मिश्रा के घर के बाहर एक संदिग्ध महिला दिखाई दी। परिजनों को आशंका हुई कि वह बच्चे को चुराने की नीयत से वहां मौजूद है। इस पर स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देने से पहले खंभे से बांध दिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

सूचना मिलते ही पलिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान मोहल्ला बरबंडा निवासी नूरुल निशा पत्नी यामीन के रूप में हुई।

कोतवाली प्रभारी शिवाजी दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ पाई गई है। उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चा चोरी जैसी अफवाहों पर बिना पुष्टि विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध परिस्थिति में कानून अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि मामले की निष्पक्ष जांच की जा सके।

Related Articles

Back to top button