कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के पूर्व सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने फीता काटकर किया

कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के पूर्व सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने फीता काटकर किया
विशेष रिपोर्ट – मो कलीम अंसारी
सहारनपुर के मंडी समिति रोड स्थित मैसूर पैलेस में रविवार को हेल्पिंग इमरजेंसी ब्लड हेल्पलाइन (BHL) द्वारा 125वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में युवाओं, महिलाओं और समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर दो बजे तक 160 यूनिट रक्त एकत्र किया जा चुका था, जबकि आयोजकों ने शाम तक 250 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग के पूर्व सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर एडवोकेट अमजद अली खान, डॉ. सरफराज हसन और डॉ. सलीम अंसारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। शिविर में कॉमेडियन शानू सिद्दीकी की उपस्थिति व हमारे पत्रकार साथी शहज़ाद बब्लू भी 54वी बार रक्तदान करके आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों में उत्साह देखा गया।
संस्था के अध्यक्ष हाफिज मुदस्सिर नदीम ने बताया कि हेल्पिंग हैंड्स इमरजेंसी ब्लड हेल्पलाइन वर्ष 2017 से रक्तदान के क्षेत्र में सक्रिय है। यह संस्था का 125वां रक्तदान शिविर था। उन्होंने जानकारी दी कि संस्था के लगभग 50 सक्रिय सदस्य 24 घंटे जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराने की सेवा में जुटे रहते हैं। ये शिविर मुख्य रूप से उन मरीजों के लिए आयोजित किए जाते हैं, जिन्हें नियमित रूप से रक्त या प्लेटलेट्स की आवश्यकता होती है। नदीम ने रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों पर भी बात की। उन्होंने स्पष्ट किया कि रक्तदान करने से शरीर में कोई कमजोरी नहीं आती। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि संस्था से जुड़े कई रक्तदाता ऐसे हैं, जिन्होंने 60 से 100 से अधिक बार रक्तदान किया है और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के नियमित रक्तदान करें,क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी का जीवन बचा सकता है। शिविर में पहली बार रक्तदान करने पहुंचीं नगमा ने अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि पहले उन्हें लोगों से सुनने को मिला था कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है,लेकिन रक्तदान के बाद उन्हें बिल्कुल सामान्य महसूस हो रहा है। नगमा ने कहा कि हर स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्त संग्रह के लिए बीडी बाजोरिया जिला अस्पताल और पिलखनी मेडिकल कॉलेज की टीम मौजूद रही।



