#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

सहारनपुर में नकली वैवाहिक वेबसाइट गैंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

सहारनपुर में नकली वैवाहिक वेबसाइट गैंग का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

विशेष रिपोर्ट,-मो कलीम अंसारी

सहारनपुर ऑनलाइन शादी के रिश्ते तलाशने वालों को जाल में फंसाकर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का सहारनपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सदर बाजार और साइबर क्राइम थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ‘PERFECT RISHTEY PROPRIETOR’ नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल वेबसाइट चलाने वाले गिरोह के एक शातिर सदस्य सूरज मरावी को गिरफ्तार किया है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला है, जबकि उसका साथी और गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड संदीप फिलहाल फरार है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चेकबुक और नगदी बरामद की है। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने पत्रकारों के समक्ष इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा किया।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपनी ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी संदीप ने ‘परफेक्ट रिश्ते’ नाम से एक आकर्षक वेबसाइट बना रखी थी और इसके संचालन के लिए बकायदा एक ऑफिस खोला हुआ था, जहां 8 से 9 लड़कियों को टेलीकॉलर के रूप में नौकरी पर रखा गया था। ये लड़कियां वेबसाइट पर आने वाले ग्राहकों को शादी के लिए लड़कियों के सुंदर प्रोफाइल का लालच देकर अपनी मीठी बातों में फंसाती थीं और उनसे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व अन्य प्रक्रियाओं के नाम पर मोटी रकम ऐंठ लेती थीं।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त सूरज मरावी ने बताया कि जब कोई ग्राहक लड़की की फोटो देखने या उससे बात करने की जिद करता था, तो ऑफिस में काम करने वाली लड़कियां ही फोन पर बात कर लेती थीं और ग्राहकों को झांसा देने के लिए गूगल (Google) से किसी भी अनजान युवती की सुंदर तस्वीर डाउनलोड करके भेज दी जाती थी। जैसे ही ग्राहक के खाते से पैसे इनके पास ट्रांसफर होते थे, आरोपी तुरंत उस व्यक्ति का नंबर ब्लॉक कर देते थे। पकड़े जाने के डर से गिरोह ने बातचीत के लिए लड़कियों को केवल छोटे कीपैड वाले 16 नोकिया मोबाइल फोन दे रखे थे, ताकि उनकी सही लोकेशन और पहचान छिपी रहे।
पुलिस टीम ने गिल कॉलोनी स्थित इस अवैध कॉल सेंटर पर छापेमारी कर मौके से 16 नोकिया कीपैड मोबाइल, 3 एंड्रॉइड फोन, 1 लैपटॉप, 9 मॉनिटर स्क्रीन, 7 CPU, 9 की-बोर्ड, 7 माउस, 1 बायोमैट्रिक डिवाइस, 2 HDFC बैंक के QR कोड, 1 जियो वाई-फाई डिवाइस, 1 लैंडलाइन फोन, 3 चेकबुक और ‘परफेक्ट रिश्ते प्रोपराइटर’ नाम की 2 मोहरें व भारी मात्रा में रसीद-पैम्पलेट बरामद किए हैं। मौके से हिरासत में ली गई तीन युवतियों को कानूनी प्रावधानों (धारा 35(3) BNSS) के तहत नोटिस देकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सदर बाजार में मु०अ०स० 348/26 के तहत धोखाधड़ी, आईटी एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है और गिरोह के फरार मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button