गोला नगर पालिका ने वृक्षारोपण महायज्ञ में निभाई अहम भूमिका, ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुआ हरित अभियान

गोला नगर पालिका ने वृक्षारोपण महायज्ञ में निभाई अहम भूमिका, ढोल-नगाड़ों के साथ शुरू हुआ हरित अभियान
ब्यूरो रिपोर्टर तुषार शुक्ला
गोला गोकर्णनाथ, खीरी 12 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण महायज्ञ में नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर फलदार एवं छायादार पौधों का व्यापक स्तर पर रोपण किया।
अभियान का शुभारंभ सीजीएन पीजी कॉलेज परिसर में ढोल-नगाड़ों के बीच नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’, अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र, भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, सभासदों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अर्जुन, पकरिया, गुलमोहर, जामुन और अमरूद सहित विभिन्न पौधों का रोपण कर किया।
इसके बाद लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज, मुक्तिधाम, त्रिलोक गिरि मंदिर, अस्थायी गौशाला मूड़ा सरकटा, स्थायी गौशाला ग्रांट लंदनपुर, एमआरएफ सेंटर कोटवारा तथा नई बाईपास रोड सहित नगर के कई प्रमुख स्थानों पर भी पौधे लगाए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल सुरक्षा और जलवायु संतुलन के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए, तभी यह अभियान सफल होगा।
अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि अभियान के तहत सामाजिक संगठनों और नगरवासियों के सहयोग से बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया है। उन्होंने सभी लोगों से पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की।
इस अवसर पर समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।



