श्रावण मास की तैयारियों का एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने लिया जायजा, लिलोटीनाथ मंदिर व कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

श्रावण मास की तैयारियों का एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने लिया जायजा, लिलोटीनाथ मंदिर व कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पवन गौतम तथा थाना फूलबेहड़ पुलिस के साथ थाना क्षेत्र स्थित बाबा लिलोटीनाथ मंदिर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्था, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों तथा यातायात प्रबंधन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान रूट डायवर्जन की प्रभावी व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा निर्बाध यातायात सुनिश्चित किया जाए।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।



