पलिया की माटी का लाल देश सेवा में शहीद, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

पलिया की माटी का लाल देश सेवा में शहीद, राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
भाजपा नेता रवि गुप्ता ने तिरंगे के साथ पुष्पांजलि देकर श्रद्धांजलि अर्पित की
ब्यूरो रिपोर्टर- तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। पलिया नगर निवासी भारतीय सेना के जांबाज जवान प्रदीप कुमार सिंह का देश सेवा के दौरान निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को उनके पैतृक नगर पलिया पहुंचा, जहां शोक की लहर दौड़ गई।
भारतीय सेना और पुलिस प्रशासन ने पूरे राजकीय सम्मान के साथ शारदा तट पर उनका अंतिम संस्कार कराया। इस दौरान सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी रवि गुप्ता भी शामिल हुए। उन्होंने तिरंगे के साथ पुष्प अर्पित कर शहीद जवान को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर रवि गुप्ता ने कहा कि, “यह पलिया विधानसभा क्षेत्र के लिए अत्यंत दुखद क्षण है। जब तक सूरज-चांद रहेगा, शहीद प्रदीप कुमार सिंह का नाम अमर रहेगा। इस दुख की घड़ी में मैं और पूरा पलिया विधानसभा परिवार शहीद के परिजनों के साथ खड़ा है।”
शहीद प्रदीप कुमार सिंह की अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, सैनिक, सामाजिक संगठन और क्षेत्रवासी शामिल हुए। पूरे क्षेत्र ने अपने वीर सपूत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।



