डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने किया वृक्षारोपण, प्रतिमा स्थापना व नए झूलों की घोषणा

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने किया वृक्षारोपण, प्रतिमा स्थापना व नए झूलों की घोषणा
ब्यूरो रिपोर्टर -तुषार शुक्ला
गोला गोकरननाथ खीरी 6 जुलाई। भारतीय जनसंघ के संस्थापक, महान शिक्षाविद् एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ के अध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा तथा पालिका परिवार के साथ लक्ष्मी नगर कॉलोनी (केडिया फार्म) स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला ‘रिंकू’ ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रखर प्रवक्ता थे। भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक जननी भारतीय जनसंघ के संस्थापक के रूप में उन्होंने देश को नई दिशा दी। जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण एवं अभिन्न अंग बनाने के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
पालिकाध्यक्ष ने घोषणा की कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क में शीघ्र ही उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनके राष्ट्रसेवा के आदर्शों से प्रेरणा प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में खेल रहे बच्चों ने झूलों की मरम्मत तथा नए झूले लगाए जाने का अनुरोध किया। इस पर पालिकाध्यक्ष ने बच्चों को आश्वस्त किया कि जुलाई माह के अंत तक पार्क में नए झूले लगवाने के साथ आवश्यक मरम्मत कार्य भी पूरा कराया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद स्वर्णकार, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व सभासद अशोक सक्सेना, सभासद धर्मेन्द्र तिवारी ‘टीटू’, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा, लेखाकार मोहित अवस्थी, पूर्व मंडल अध्यक्ष रविन्द्र कटियार, नामित सभासद गीता विश्वकर्मा, नगर महामंत्री धीरज बाजपेई, नगर उपाध्यक्ष रेखा मिश्रा, महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सीमा सक्सेना, नगर मंत्री राहुल बाल्मीकि, शक्ति केंद्र संयोजक नवीन भसीन, ऋषि गुप्ता, मीडिया प्रभारी विजय मिश्रा, आईटी संयोजक सुमित सक्सेना, रीतेन्द्र भदौरिया, पूर्व नगर अध्यक्ष भाजपा शत्रोहन मिश्रा, पार्टी पदाधिकारी, नगर पालिका के कर्मचारीगण, वार्डवासी एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने के साथ हुआ।



