सहारनपुर परिक्षेत्र में अपराधियों पर कड़ा प्रहार: 6 इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर

सहारनपुर परिक्षेत्र में अपराधियों पर कड़ा प्रहार: 6 इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर
मो कलीम अंसारी
सहारनपुर पुलिस उपमहानिरीक्षक अभिषेक सिंह के कुशल नेतृत्व में सहारनपुर परिक्षेत्र, जिसमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपद शामिल हैं, में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ताबड़तोड़ कार्रवाइयाँ की जा रही हैं। हाल के दिनों में परिक्षेत्र की पुलिस टीमों ने साहसिक मुठभेड़ों में 6 इनामी अपराधियों को मार गिराया है। इन अपराधियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हत्या, डकैती जैसे गंभीर अपराधों के दर्जनों मुकदमे दर्ज थे।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात संजीव उर्फ जीवा गैंग के शूटर शाहरुख पठान को एक मुठभेड़ में ढेर किया। इसी गैंग से जुड़े एक अन्य अपराधी फैसल को शामली पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। इसके अलावा, सहारनपुर में अलग-अलग कार्रवाइयों में डकैती के अभ्यस्त अपराधी महताब, इमरान, नफीस और प्रोफेशनल सुपारी किलर नईम कुरैशी भी पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए। पुलिस अभिलेखों के अनुसार, ये सभी अपराधी कुख्यात थे और इनके खिलाफ प्रदेश के कई थानों में संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे।इन प्रभावी कार्रवाइयों ने परिक्षेत्र में अपराधियों के बीच दहशत पैदा की है और कानून के प्रति सम्मान बढ़ा है।
अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त रुख आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इन कार्रवाइयों से न केवल अपराधी तत्वों में भय व्याप्त हुआ है, बल्कि आम जनता में भी सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। सहारनपुर परिक्षेत्र की पुलिस ने अपनी इस मुहिम से यह साबित कर दिया है कि अपराध के खिलाफ उनकी लड़ाई में कोई ढील नहीं बरती जाएगी।



