सहारनपुर अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी जब्त

सहारनपुर अवैध मिट्टी खनन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी जब्त
मो कलीम अंसारी
सहारनपुर गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गागलहेड़ी पुलिस ने ग्राम भारापुर में अवैध मिट्टी खनन का भंडाफोड़ किया। थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से तीन मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन को जब्त किया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारापुर क्षेत्र में भू-माफिया अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रहे हैं। इसके आधार पर उपनिरीक्षक सौरभ यादव, हेड कांस्टेबल कपिल तेवतिया, सोनू ढाका, राहुल चौहान और आशीष तोमर की टीम ने छापेमारी की। मौके पर कुछ लोग मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में लाद रहे थे, जो पुलिस को देखकर अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकले। पुलिस ने वाहनों और मशीन को कब्जे में लेकर थाने में सीज कर दिया।एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान, जनहित को खतरा और सरकारी राजस्व की हानि होती है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के खिलाफ खनिज (नियम एवं नियंत्रण) अधिनियम सहित अन्य धाराओं में कठोर कार्रवाई की जाएगी। जब्त वाहनों के मालिकों की पहचान और कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने क्षेत्र में अवैध खनन पर नकेल कसने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है और लोगों से ऐसी गतिविधियों की जानकारी साझा करने का आग्रह किया है।



