सरसावा पुलिस ने 6 गौकश दबोचे, 10 जीवित व 1 मृत गोवंश तथा दो पिकअप वाहन बरामद

सरसावा पुलिस ने 6 गौकश दबोचे, 10 जीवित व 1 मृत गोवंश तथा दो पिकअप वाहन बरामद
विशेष रिपोर्ट -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर जनपद में गौकशी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सरसावा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो महिंद्रा पिकअप वाहन, 10 जीवित गोवंश तथा एक मृत गोवंश बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं गौकशी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक एवं क्षेत्राधिकारी नकुड़ रुचि गुप्ता के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में सरसावा पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुछ लोग गोवंशों को वाहनों में भरकर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम शेखपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के सामने घेराबंदी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल निवासी सांपला बेगमपुर थाना नकुड़, विशाल पुत्र विनोद निवासी गदरहेड़ी थाना सरसावा, सुमित पुत्र ब्रजपाल निवासी गदरहेड़ी थाना सरसावा, आनंद पुत्र मोहक्कम निवासी सांपला बेगमपुर थाना नकुड़, नितिन पुत्र सतपाल निवासी झबीरण थाना सरसावा तथा भानू पुत्र जग्गा निवासी सांपला बेगमपुर थाना नकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिंद्रा पिकअप वाहन संख्या UP-19T-1349 एवं UP-11AT-4097 बरामद किए। वाहनों से 11 गोवंश बरामद हुए, जिनमें 10 जीवित तथा एक मृत अवस्था में पाया गया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना सरसावा में मु.अ.सं. 203/2026 के तहत गौवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5क/8 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक महेश सिंह, अजय कुमार, राकेश कुमार सहित थाना सरसावा की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस का कहना है कि गौकशी एवं पशु तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।



