भारतीय सेना में धर्मगुरु जेसीओ पद पर राहुल तिवारी का चयन, चित्रकूट में खुशी की लहर
ब्यूरो-दीपक पाण्डेय, चित्रकूट- उत्तर प्रदेश

भारतीय सेना में धर्मगुरु जेसीओ पद पर राहुल तिवारी का चयन, चित्रकूट में खुशी की लहर
चित्रकूट-उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के कर्वी क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 13 कामदगिरि नगर निवासी राहुल तिवारी ने भारतीय सेना में धर्मगुरु (जूनियर कमीशंड ऑफिसर) पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। राहुल तिवारी, श्री राम भारत तिवारी के पुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवार, रिश्तेदारों, गुरुजनों और क्षेत्रीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोग उन्हें लगातार शुभकामनाएं देकर उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। राहुल तिवारी ने अपनी प्रारंभिक एवं माध्यमिक शिक्षा श्री राम संस्कृत महाविद्यालय से प्राप्त की। उन्होंने कक्षा 10वीं, 12वीं एवं पूर्व मध्यमा तक की शिक्षा संस्कृत विषय के साथ पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से अध्ययन कर धर्म एवं शास्त्रों में गहन ज्ञान अर्जित किया। संस्कृत भाषा पर मजबूत पकड़, धार्मिक ग्रंथों के अध्ययन में विशेष रुचि और आध्यात्मिक विषयों की गहरी समझ के कारण राहुल तिवारी का चयन भारतीय सेना के प्रतिष्ठित धर्मगुरु पद पर हुआ है। सेना में धर्मगुरु का दायित्व केवल धार्मिक अनुष्ठान कराना ही नहीं होता, बल्कि सैनिकों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन देना, उनका मनोबल मजबूत करना और कठिन परिस्थितियों में मानसिक रूप से प्रेरित बनाए रखना भी होता है।
राहुल तिवारी ने अपनी इस सफलता का श्रेय भगवान कामतानाथ जी, अपने गुरुजनों एवं माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के आशीर्वाद से ही यह सफलता संभव हो सकी। क्षेत्र के लोगों ने इसे पूरे चित्रकूट के लिए गर्व का क्षण बताते हुए राहुल तिवारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



