महज 800 रुपये के विवाद में महिला की हत्या, 17 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

महज 800 रुपये के विवाद में महिला की हत्या, 17 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
चाकू से गला काटकर उतारा था मौत के घाट, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे की फूंकनी बरामद की
संवाददाता -मो कलीम अंसारी
सहारनपुर कोतवाली देहात क्षेत्र की गुलदस्ता कॉलोनी में महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 17 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महज 800 रुपये के लेनदेन के विवाद में महिला के सिर पर लोहे की फूंकनी से वार करने के बाद चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू और लोहे की फूंकनी भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को तसनूमा उर्फ बड़ी भूरी पत्नी स्वर्गीय शकील निवासी गुलदस्ता कॉलोनी ने अपनी बेटी मन्तशाह उर्फ छोटी भूरी की हत्या के संबंध में कोतवाली देहात में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि रियासत पुत्र हमीद निवासी शेखपुरा कदीम ने घर के कमरे में उनकी बेटी की हत्या कर दी।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। एसपी सिटी और सीओ नगर द्वितीय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रेलवे क्रॉसिंग टपरी अड्डे के पास से आरोपी रियासत को गिरफ्तार कर लिया।
800 रुपये मांगने पर हुआ विवाद पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका तसनूमा के घर आना-जाना था और वह उन्हें अपनी मुंहबोली खाला मानता था। तसनूमा की बेटी मन्तशाह पति से अलग होकर मां के पास रह रही थी। आरोपी के मुताबिक, उसने कुछ दिन पहले मन्तशाह को 800 रुपये उधार दिए थे। 14 नवंबर को वह रुपये मांगने उसके घर पहुंचा, जहां रुपये देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने कमरे में रखी लोहे की फूंकनी से मन्तशाह के सिर पर वार किया और इसके बाद चाकू से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह छत से कूदकर फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू और लोहे की फूंकनी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।



