#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशदेशब्रेकिंग न्यूज़सहारनपुर

नगर निगम में सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी ‘सुकमा’ के खिलाफ फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, शोषण के आरोप लगाकर दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

नगर निगम में सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी ‘सुकमा’ के खिलाफ फूटा कर्मचारियों का गुस्सा, शोषण के आरोप लगाकर दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

संवाददाता – मो कलीम अंसारी

सहारनपुर नगर निगम में सफाई व्यवस्था का ठेका लेने वाली निजी कंपनी ‘सुकमा’ के खिलाफ सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। स्थायी, संविदा एवं ठेका सफाई कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर महापौर और नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा तथा कंपनी को हटाने की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कंपनी ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद भर्ती के नाम पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक की मांग की, जिससे पैसे देने वालों को नियुक्ति मिल गई जबकि जरूरतमंद व विधवाएं आज भी चक्कर काट रही हैं।
संघ के जिलाध्यक्ष अविनाश बिरला और राधेश्याम उर्फ बबलू ने कहा कि भर्ती के समय 15 हजार रुपये वेतन का वादा कर अब मात्र 7 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। साथ ही, महापौर की सहमति और बोर्ड प्रस्ताव संख्या 88 में पास होने के बावजूद कंपनी साप्ताहिक अवकाश नहीं दे रही और आपातकालीन सेवाओं की अनदेखी कर बायोमेट्रिक हाजिरी थोप रही है। प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार उर्फ पचनू सहित अन्य पदाधिकारियों—गौरी शंकर, शेर सिंह, प्रीतम चंद प्रेमी, आशु बिरला और नरेश कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर मांगें नहीं मानी गईं, तो पहले दो दिन धरना दिया जाएगा और फिर पूर्ण रूप से काम बंद हड़ताल की जाएगी।

Related Articles

Back to top button