खीरी में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, डीएम ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी

खीरी में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का आगाज, डीएम ने बाइक रैली को दिखाई हरी झंडी
ब्यूरो रिपोर्टर – तुषार शुक्ला
लखीमपुर खीरी। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर से डीएम अंजनी कुमार सिंह ने सड़क जागरूकता रथों और बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 16 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े के दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया जाएगा।
रैली के शुभारंभ अवसर पर एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय, एआरटीओ शांति भूषण पांडेय, बीएसए प्रवीण तिवारी और पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार यादव मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट परिसर से निकली बाइक रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान सड़क जागरूकता रथों के साथ चल रहे बाइकर्स ने आमजन को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर की गारंटी
डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों का पालन और छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय तेज गति, स्टंट और यातायात संकेतों की अनदेखी से बचने की सलाह दी।
180 बाइकर्स ने हेलमेट पहनकर दिया जागरूकता का संदेश
पखवाड़े के संयोजक एवं एआरटीओ शांति भूषण पांडेय ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीरता से पालन करके दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि यह अभियान महज 15 दिनों का आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने का मिशन है। इसके लिए सभी को निरंतर प्रयास करने की जरूरत है।
जागरूकता बाइक रैली में विभिन्न स्टेकहोल्डर विभागों और संगठनों के करीब 180 बाइकर्स ने प्रतिभाग किया। सभी बाइकर्स हेलमेट पहनकर मोटरसाइकिल, स्कूटर और स्कूटी के साथ रैली में शामिल हुए। सड़क सुरक्षा रथों के पीछे चल रहे बाइकर्स ने अनुशासित यातायात और सुरक्षित वाहन संचालन का संदेश दिया। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न गैर सरकारी संगठनों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।



