तेज आंधी-तूफान ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना, छह भाई-बहनों पर टूटा दुखों का पहाड़
बीसलपुर तहसील न्यूज़:- मोहम्मद हसीन खान- SvasJsNews

तेज आंधी-तूफान ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना, छह भाई-बहनों पर टूटा दुखों का पहाड़
बीसलपुर, पीलीभीत।- जनपद पीलीभीत की तहसील बीसलपुर क्षेत्र के ग्राम रसायाखानपुर में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम ने कई ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दीं, लेकिन सबसे अधिक नुकसान एक गरीब और बेसहारा परिवार को उठाना पड़ा। तेज हवाओं के चलते घर के पास खड़ा पेड़ गिर पड़ा और मकान की टीन उड़कर नीचे गिर गई, जिससे परिवार का आशियाना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़ित फिरोज खान पुत्र मंसूर खान ने बताया कि वह अपने पांच भाई-बहनों के साथ इसी मकान में रहता है। परिवार में फिरोज खान, अफरोज खान, सलीम खान, सबा, फूल बी और नूर बी शामिल हैं। परिवार पहले से ही आर्थिक तंगी और कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा था। दुखद बात यह है कि इन सभी भाई-बहनों के माता-पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। अब प्राकृतिक आपदा ने इनके सिर से छत भी छीन ली है। ग्रामीणों के अनुसार आंधी और बारिश इतनी तेज थी कि कई स्थानों पर पेड़ और टीन उड़कर गिर पड़े। घटना के बाद पीड़ित परिवार भय और परेशानी के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है। घर में रहने, खाने-पीने और दैनिक जरूरतों की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। परिवार के पास इतनी आर्थिक स्थिति भी नहीं है कि वह तुरंत अपने घर की मरम्मत करवा सके।

स्थानीय ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता, राशन और आवासीय मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन और समाजसेवियों को आगे आकर इस अनाथ परिवार की सहायता करनी चाहिए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और उनका जीवन फिर से सामान्य हो सके। यह पूरा मामला ग्राम रसायाखानपुर, तहसील बीसलपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश पिन कोड 262201 का बताया जा रहा है।




