#SvasJsNewsउत्तर प्रदेशजालौरब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

प्रतिष्ठा: आस्था की परीक्षा में खरे उतरे श्रद्धालु, आसमान से बरसी श्रद्धा की फूल वर्षा

पांथेडी में भव्य प्राण-प्रतिष्ठा: आस्था की परीक्षा में खरे उतरे श्रद्धालु, आसमान से बरसी श्रद्धा की फूल वर्षा

विशेष खबर | राजस्थान ब्यूरो-समरथाराम सुंदेशा

राजस्थान के जालोर क्षेत्र अंतर्गत पांथेडी गांव में आज धार्मिक आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब शुभ मुहूर्त में सुंधा माता एवं बाबा रामदेव जी की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। सुबह 10 बजे मंगलमय बेला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद रंग-गुलाल के उल्लासपूर्ण माहौल में दोनों मंदिरों में मूर्तियों की विधिवत स्थापना की गई।

इस ऐतिहासिक क्षण को और भी विशेष तब बना दिया गया, जब मंदिर परिसर में हेलीकॉप्टर के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिसे देखने के लिए आसपास के दर्जनों गांवों से हजारों श्रद्धालु पांथेडी पहुंचे। हर ओर “जय माता दी” और “रामदेव जी महाराज की जय” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां सभी ने शांति और अनुशासन के साथ प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में पहुंचे साधु-संतों, गणमान्य अतिथियों एवं दूर-दराज से आए मेहमानों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य सम्मान किया गया।

पिछले पांच दिनों से चल रहे इस धार्मिक महोत्सव में विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें ओमजी आचार्य द्वारा मंच संचालन करते हुए सभी अतिथियों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। आयोजन समिति की ओर से व्यवस्थाएं बेहद सुदृढ़ रहीं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

समापन अवसर पर आयोजकों ने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बताया। पांथेडी में आयोजित यह प्राण-प्रतिष्ठा समारोह न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समरसता का भी सशक्त संदेश देकर संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button