भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ
सत्यनारायण सेन गुरला

गुन्दली में भक्ति का संगम: भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद भागवत कथा एवं विष्णु महायज्ञ का शुभारंभ
सत्यनारायण सेन गुरला
भीलवाड़ा | जिले के गुन्दली ग्राम में आज से भक्ति और अध्यात्म का अनूठा समागम शुरू होने जा रहा है। श्री देवनारायण भगवान एवं चामुंडा माता मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले श्रीमद भागवत कथा महोत्सव एवं नवकुंडीय विष्णु महायज्ञ का आगाज आज एक भव्य शोभायात्रा के साथ किया जाएगा।
संतों का रहेगा पावन सानिध्य
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए गुन्दली प्रशासक शम्भू लाल गुर्जर ने बताया कि इस महोत्सव में संतों का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होगा। अंतरराष्ट्रीय मंदिर सवाई भोज (आसींद) के महंत श्री श्री 1008 सुरेश दास जी महाराज एवं श्री राम दरबार मंदिर गोडास चौराहा के श्री श्री 1008 मंगल दास जी महाराज इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

देवी माँ के मुखारविंद से कथा रसपान
प्रख्यात कथा वाचक श्रीदेव साक्षी कृष्णानंद सरस्वती (देवी मां) द्वारा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक श्रीमद भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के साथ-साथ नवकुंडीय विष्णु महायज्ञ में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान और आहुतियां दी जाएंगी।
भक्तिमय रहेंगी रातें
श्रद्धालुओं के लिए दिन में कथा के साथ-साथ रात्रि में रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा। इसके अलावा, आयोजन समिति द्वारा भक्तों के लिए प्रतिदिन नित्य भंडारे (महाप्रसाद) की समुचित व्यवस्था की गई है।
1 मई को होगा समापन
23 अप्रैल से शुरू होने वाला यह महोत्सव 1 मई 2026 तक चलेगा। समापन के दिन पूर्णाहुति, महाआरती और संत विदाई का भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में भीलवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।



