अभियंताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम, समस्याओं पर खुलकर हुई चर्चा

पीलीभीत में अभियंताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम, समस्याओं पर खुलकर हुई चर्चा
SvasJsNews
पीलीभीत– दिनांक 08 अप्रैल 2026 को जनपद पीलीभीत में आयोजित प्रशिक्षण एवं संपर्क प्रवास कार्यक्रम में अभियंताओं की समस्याओं और संगठनात्मक मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष इंजीनियर जी.वी. पटेल और केंद्रीय संगठन सचिव इंजीनियर नीरज पटेल का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनपद एवं मंडल स्तर के बड़ी संख्या में अभियंताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।बैठक के दौरान अभियंताओं ने जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। खासतौर पर ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त होने पर अनावश्यक रूप से मिसलेनियस (आर्थिक दायित्व) लगाए जाने के मुद्दे को गंभीरता से रखा गया। अभियंताओं का कहना था कि पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों और संसाधनों के अभाव में कार्य करने के बावजूद उन पर आर्थिक बोझ डालना अन्यायपूर्ण है। इससे कार्य क्षमता और मनोबल दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

इसके अलावा फेशियल अटेंडेंस प्रणाली को लेकर भी असंतोष सामने आया। अभियंताओं ने बताया कि वर्तमान व्यवस्था में यदि किसी दिन उपस्थिति दर्ज नहीं होती, तो अनड्यूटी सर्टिफिकेट देना अनिवार्य हो जाता है, जिससे अनावश्यक प्रशासनिक दबाव बनता है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि भविष्य में इस प्रक्रिया का दुरुपयोग कर शोषण की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अभियंताओं ने स्पष्ट किया कि उनका कार्य 24×7 प्रकृति का है, ऐसे में निर्धारित समय सीमा में फेशियल उपस्थिति अनिवार्य करना व्यवहारिक नहीं है। केंद्रीय पदाधिकारियों ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि इन समस्याओं को उच्च स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्तता रोकने के लिए तकनीकी सुधारों पर काम किया जाएगा और अभियंताओं के हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती से खड़ा रहेगा।

कार्यक्रम में संगठन की एकजुटता, आपसी समन्वय और अधिकारों के प्रति सजग रहने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में सभी अभियंताओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।




