अवैध क्लीनिक पर फिर उठे सवाल, सील के बाद भी जारी संचालन — SvasJsNews

अवैध क्लीनिक पर फिर उठे सवाल, सील के बाद भी जारी संचालन — SvasJsNews
ब्यूरो रिपोर्ट, औरैया।
जनपद औरैया में स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। करीब एक माह पूर्व कागजातों के अभाव में सील किए गए “शाक्य हेल्थ केयर क्लीनिक, देवराव” के पुनः संचालन की खबरों ने विभाग की निष्क्रियता और संभावित मिलीभगत पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्लीनिक को सील किए जाने के मात्र एक सप्ताह बाद ही फिर से धड़ल्ले से खोला गया और अब यहां मरीजों का इलाज खुलेआम किया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि उक्त क्लीनिक बिना वैध अनुमति के संचालित हो रहा है, जहां एक कथित झोला-छाप डॉक्टर द्वारा विभिन्न बीमारियों के इलाज का दावा किया जा रहा है। इतना ही नहीं, प्रचार-प्रसार के लिए क्षेत्र में पर्चे भी बांटे जा रहे हैं, जिनमें 24 घंटे ऑपरेशन जैसी सुविधाओं का लालच दिया जा रहा है। यह स्थिति न केवल नियमों की खुली अवहेलना है, बल्कि आम जनता के जीवन के साथ भी गंभीर खिलवाड़ माना जा रहा है। गर्मी और बदलते मौसम के बीच बीमारियों के बढ़ते खतरे को देखते हुए ऐसे अवैध क्लीनिकों का संचालन और भी चिंताजनक हो जाता है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि भोली-भाली गरीब जनता को बहला-फुसलाकर उनसे मोटी रकम वसूली जा रही है, जबकि उनके स्वास्थ्य की कोई गारंटी नहीं है। ऐसे मामलों में लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग इस मामले में फिर से केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रहेगा, या इस बार दोषियों के खिलाफ कठोर और स्थायी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्रीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों पर सख्त कार्रवाई कर जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। SvasJsNews इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और आगे की हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।




