अनाथ हुए चार बच्चों की मदद को आगे आए डॉ. शशिकांत शर्मा

अनाथ हुए चार बच्चों की मदद को आगे आए डॉ. शशिकांत शर्मा
आर्थिक सहायता के साथ शिक्षा का भी उठाया जिम्मा, हर संभव सहयोग का दिया भरोसा
रायबरेली। जनपद के ग्राम पूरे दुबे मजरे लोधीवारी में माता-पिता के निधन के बाद अनाथ हुए चार छोटे-छोटे बच्चों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एवं न्यू स्टैण्डर्ड ग्रुप ऑफ इंस्टिट्यूट्स के संस्थापक-प्रबंधक डॉ. शशिकांत शर्मा बच्चों के घर पहुंचे और उनकी स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान डॉ. शर्मा ने बच्चों को दैनिक जरूरत का सामान उपलब्ध कराया और साथ ही आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा-दीक्षा की जिम्मेदारी उठाने का आश्वासन देते हुए कहा कि इन बच्चों को किसी भी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।
डॉ. शर्मा ने भावुक होते हुए कहा कि जब किसी जरूरतमंद तक हमारी छोटी सी मदद पहुंचती है, तो उससे दिल को एक अलग ही सुकून मिलता है। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि ऐसे जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आएं, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
उन्होंने बच्चों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहेंगे और उनकी पढ़ाई-लिखाई में पूरा सहयोग करेंगे। इस नेक पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है और लोग इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बता रहे हैं।



